मिशन शक्ति अभियान के तहत ढकौली में बहू-बेटी सम्मेलन, नारियों को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS:  पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में रविवार को थाना राधानगर की मिशन शक्ति टीम द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम ढकौली में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 65 से 70 महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। सम्मेलन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को दहेज से संबंधित बढ़ते मामलों की जानकारी देते हुए इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उन्हें थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य और कार्यप्रणाली के बारे में अवगत कराया गया, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं, जैसे कि सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों — 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपात सेवा) और 1930 (साइबर अपराध) — के बारे में भी बताया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें, किसी भी प्रकार के अत्याचार या भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस व संबंधित हेल्पलाइन का सहारा लें। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित व सशक्त समाज की दिशा में प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *