Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में मेधावी छात्रों का सम्मान, स्कूटी से लेकर लैपटॉप तक पुरस्कार
FATEHPUR NEWS: सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, मुराइन टोला में जोश छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 9 के मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) प्रतीक मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भिटौरा ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी भी मंचासीन रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य जीपी मिश्रा ने कहा कि गरीबी एक परिस्थिति हो सकती है, लेकिन काबिलियत नहीं। हर बच्चा प्रतिभाशाली होता है, बस उसे सही अवसर और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से विद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष जोश छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया जाता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहन मिल सके। परीक्षा में अदिति पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूटी तथा दो वर्षों तक 100 प्रतिशत शुल्क माफी का पुरस्कार हासिल किया। वहीं हेमंत कुमार लाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर इलेक्ट्रिक साइकिल एवं दो वर्षों तक 90 प्रतिशत शुल्क माफी प्राप्त की। उत्कर्ष चंद ने तृतीय स्थान प्राप्त कर लैपटॉप एवं दो वर्षों तक 80 प्रतिशत शुल्क माफी का पुरस्कार पाया। अनुकल्प त्रिपाठी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर मोबाइल फोन एवं दो वर्षों तक 70 प्रतिशत शुल्क माफी, जबकि अभिषेक सिंह ने पंचम स्थान प्राप्त कर मोबाइल फोन एवं 60 प्रतिशत शुल्क माफी का लाभ प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त अन्य उत्तीर्ण मेधावी छात्रों को भी विभिन्न पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय की प्रबंधक रंजना सिंह ने कहा कि जोश छात्रवृत्ति बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है। यह योजना आर्थिक सहयोग के साथ-साथ छात्रों को आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था भविष्य में भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एआरटीओ प्रतीक मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रधानाचार्य जीपी मिश्रा, हेड मास्टर सीजो वर्गीज, हेड मिस्ट्रेस उर्वशी पाण्डे, मार्केटिंग हेड ज़रीना अंजुम सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।