धान कुटाई के दौरान पालेशर मशीन की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी आधारपुर गांव में ट्रैक्टर में लगी पालेशर मशीन से धान की कुटाई करते समय एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार सरैला गांव निवासी राम कृपाल का 28 वर्षीय पुत्र होरीलाल ट्रैक्टर में पालेशर मशीन लगाकर गांव-गांव धान की कुटाई का कार्य करता है। रविवार को वह असनी आधारपुर गांव में धान की कुटाई कर रहा था, तभी अचानक मशीन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने सरकारी एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन घायल को कानपुर न ले जाकर शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लेकर चले गए, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *