विदाई नहीं, यह तो सुनहरे कल की ओर बढ़ता पहला क़दम है: संतोष मालवीय

एस ए वी इंटर कॉलेज इंग्लिश मीडियम में विदाई समारोह में शिवांशु अग्रहरि को मिस्टर एस ए वी तथा शेखा अफरोज बनी मिस एस ए वी
KAUSHAMBI NEWS:  सैनी कस्बे में स्थित एस ए वी इंटर कॉलेज (इंग्लिश मीडियम) में सोमवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे संपूर्ण वातावरण उल्लास, गरिमा और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायक वक्तव्य शामिल रहे। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठों के सम्मान में कार्यक्रम का सफल आयोजन कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। वहीं कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह के विशेष आकर्षण के रूप में शिवांशु अग्रहरी को ‘मिस्टर S.A.V.’ तथा शेखा आफ़रोज़ को ‘मिस S.A.V.’ के ख़िताब से नवाज़ा गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष मालवीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फेयरवेल – विदाई नहीं, यह तो सुनहरे कल की ओर बढ़ता पहला क़दम है, अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के आधार पर ही जीवन में स्थायी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं एवं भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा सभी ने मिलकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह विदाई समारोह विद्यालय परिवार के लिए एक भावनात्मक एवं अविस्मरणीय क्षण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *