Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
KAUSHAMBI NEWS: सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के परिप्रेक्ष्य में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा व पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम “हमारा आँगन–हमारे बच्चे” का आयोजन ब्लॉक संसाधन केंद्र रक्सराई में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार राय रहे। जिन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर निपुण भारत मिशन के अंतर्गत पूर्व प्राथमिक शिक्षा, बालवाटिका संचालन, आँगनबाड़ी व विद्यालयों के समन्वय और बच्चों के समग्र विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। खण्ड शिक्षा अधिकारी डाक्टर अरुण कुमार सिंह ने कहा कि “हमारा आँगन–हमारे बच्चे” पहल का उद्देश्य आँगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा, पोषण व संस्कार प्रदान करना है। अभिभावकों की सहभागिता से ही बच्चों का भाषा और गणित का आधार मजबूत होगा।
कार्यक्रम में माता उन्मुखीकरण, गृह भेंट, स्टोरी–चार्ट कॉर्नर और आदर्श बालवाटिका कक्ष का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर निपुण लक्ष्य प्राप्त करने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया। आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों, नोडल शिक्षकों व उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, सीडीपीओ, एआरपी कृष्ण प्रकाश सिंह अनिल सिंह अजीत कुमार शुक्ला प्रधानाध्यापक, रमेश सिंह विजय बहादुर सिंह आँगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नोडल शिक्षक द्वारा किया गया तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।