22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, विभागीय तैयारियां तेज

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 को जनपद में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। इस संबंध में 9 फरवरी 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज कल्याण, प्रोबेशन, श्रम एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और शिविर की रूपरेखा पर चर्चा की गई। विभागों से संबंधित पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें शिविर में लाभ उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना तथा छात्रवृत्ति योजना के नवीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम से संबंधित लाभार्थियों का चिन्हांकन भी किया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों को लैपटॉप वितरण की प्रक्रिया प्रचलित है। क्रय प्रक्रिया पूर्ण होने पर शिविर में वितरण संभव होगा। इसके अतिरिक्त ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम तथा निराश्रित महिला पेंशन के नवीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण की भी तैयारी है। जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने जानकारी दी कि श्रमिकों के पंजीकरण एवं श्रम योजनाओं से संबंधित आवेदन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। वहीं समग्र शिक्षा विभाग की ओर से शिविर में विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरुण कुमार चतुर्थ ने बताया कि शिविर का उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, निर्धन एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *