Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
तदर्थ प्रधानाचार्यों के स्थाईकरण को लेकर परिषद कटिबद्ध – शैलेन्द्र दत्त
KUSHINAGAR NEWS: वर्षों से तदर्थ रूप में सेवाएं दे रहे प्रधानाचार्यों के स्थाईकरण को लेकर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद निर्णायक लड़ाई लडने के मूड में है। परिषद के प्रान्तीय महामंत्री शैलेन्द्र दत्त शुक्ल ने कहा कि शासन ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो प्रधानाचार्य परिषद आंदोलनात्मक राह अपनाने से भी परहेज नहीं किया जाएगा। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रान्तीय महामंत्री शैलेन्द्र दत्त शुक्ल रविवार को कुबेरस्थान स्थित रघुनाथ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मे आयोजित प्रधानाचार्य परिषद की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तदर्थ प्रधानाचार्यों का स्थाईकरण केवल नियुक्ति का नहीं, बल्कि सम्मान, गरिमा और सेवा-सुरक्षा का प्रश्न है। उन्होंने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष मणि शंकर तिवारी के निर्देश पर 14 जनवरी 2026 को अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा को वार्ता के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला। उन्होंने आगे बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने 31 जनवरी 2026 को दिनेश पांडेय, अशोक द्विवेदी और रघुनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा ऐ। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि तदर्थ प्रधानाचार्यों के स्थाईकरण से शासन पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इसके बावजूद कई प्रधानाचार्य ऐसे हैं, जो दीर्घ सेवा के बाद सेवानिवृत्ति की दहलीज पर खड़े हैं—ऐसे में उन्हें पद से हटाना न केवल अमानवीय, बल्कि शैक्षिक गरिमा के भी विरुद्ध होगा। प्रांतीय महामंत्री ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि शासन के कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री को वास्तविक तथ्यों से पूरी तरह अवगत नहीं करा रहे हैं, जिससे यह समस्या अनावश्यक रूप से लंबित बनी हुई है। परिषद हर स्तर पर संघर्ष और संवाद के लिए तैयार है। बैठक को अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डाॅ देवेंद्र मानिक, जिला मंत्री गोविंद मिश्रा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर दुर्ग दयाल तिवारी, विनोद तिवारी, सी.बी. सिंह, एस.पी. सिंह, गोविंद प्रसाद, साधु शरण पांडे सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।