Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
दिए सुरक्षा एवं व्यवस्था के निर्देश
FATEHPUR NEWS: आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत स्थित ताम्बेश्वर मंदिर तथा थाना ललौली क्षेत्रांतर्गत स्थित थवईश्वर मंदिर का स्थलीय भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि के दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर पालिका एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा मेडिकल टीम को अलर्ट मोड पर रखा जाए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की सक्रियता तथा स्वयंसेवकों की सहायता से यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने भी व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुझाव दिए। अंत में अधिकारियों ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व को जनपद में पूरी श्रद्धा, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।