शानदार संघर्ष के बावजूद जर्नलिस्ट क्लब की हार, शिवम के 86 रन रहे मुकाबले की जा’

JAUNPUR NEWS:  नगर के शिया कालेज मैदान पर खेले गए रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच में अधिवक्ता 11 ने जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब को करीबी मुकाबले में हराकर जीत अपने नाम कर ली। हालांकि हार के बावजूद पत्रकार खिलाड़ियों ने जुझारू खेल और शानदार बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कप्तान राजन मिश्रा की जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर मजबूत 166 रन बनाए। टीम की ओर से ओपनर शिवम उपाध्याय ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 86 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में आकर्षक चैकों-छक्कों की भरमार रही और उन्होंने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सुशील तिवारी ने 32, आलोक सिंह ने 16 तथा इमरान ने 17 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कप्तान सत्यवीर सिंह की अधिवक्ता 11 की टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने 11 ओवर 3 गेंद में महज 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अधिवक्ता 11 की ओर से सुंदरम ने 71 रनों की शानदार पारी खेली। अमित तिवारी (33), अनिल (21), अखिल (14 नाबाद) और रोहित (20 नाबाद) ने महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को जीत दिलाई।  मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा और मैदान पर दर्शकों की सांसें थमी रहीं। पत्रकार खिलाड़ियों ने अपनी टीम भावना और संघर्षशील खेल से खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अतुल सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर ट्रॉफी प्रदान की। जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब के कोच मोहम्मद अब्बास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं अंकित जायसवाल की प्रभावी कमेंट्री ने मैच में अतिरिक्त रोमांच भर दिया। एम्पायर अनिल अस्थाना एवं रानू सिंह की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। मैत्री मैच ने खेल के साथ-साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। मैच के समापन पर कोच मोहम्मद अब्बास का जन्मदिन खिलाड़ियों द्वारा केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिससे आयोजन का समापन खुशनुमा माहौल में हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *