Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JHANSI NEWS: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर विधायक रवि शर्मा के संरक्षण एवं नेतृत्व में महाशिवरात्रि पर्व पर विशाल एवं भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। भव्य शिव बारात मुरली मनोहर मन्दिर, बड़ा बाजार, झाँसी से प्रारम्भ होकर बड़ा बाजार, मालिन चौराहा, जवाहर चौक, मानिक चौक, सिन्धी तिराहा, रानी महल, मिनर्वा चौराहा, सैंयर गेट होते हुए प्राचीनतम मढ़िया महादेव मन्दिर पहुँची। कचहरी मार्ग पर स्थित नवीन द्वार से बारात का प्रवेश कराया गया, जिसे फूल-मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया था और वह आकर्षण का केंद्र रहा। ऐतिहासिक एवं प्राचीन मढ़िया महादेव मन्दिर हिन्दू आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया, जहाँ हजारों श्रद्धालु “हर-हर महादेव” एवं “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ पहुँचे और भगवान शिव का अभिषेक किया। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर शोभायात्रा में भाग लिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों—रमतूला व तांसों—की ध्वनि से वातावरण पूर्णतः शिवमय हो उठा। बारात में युवाओं की टोलियाँ नृत्य-गान करते हुए आगे बढ़ती रहीं। इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा, नगर विधायक रवि शर्मा एवं राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया सहित सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शिव बारात में सम्मिलित हुए। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर शिव बारात का भव्य स्वागत किया। मालिनों के चौराहे पर वीरू कुशवाहा, मुकेश कुशवाहा एवं बड़ा बाजार व्यापार मंडल सहित अन्य संगठनों ने श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। मानिक चौक व्यापार मंडल, विश्व हिन्दू परिषद के सदस्यों, अम्मा जी की धर्मशाला, रानी महल पर जय बुन्देलखण्ड व्यापार मंडल, उ.प्र. थोक व्यापार मंडल, मिनर्वा क्षेत्र में दद्दा ग्रुप समाजसेवी संस्था, महिला व्यापार मंडल, झोकनबाग व्यापार मंडल, पचौरी मंदिर, कर्मयोगी संस्था, सैंयर गेट व्यापार मंडल, संतोषी माता मंदिर तथा सैंयर गेट क्षेत्र के मुस्लिम समाज द्वारा भी पुष्पवर्षा कर अद्भुत स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विभाग प्रचारक मनोज जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यापारी नेता उपस्थित रहे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की बारात में सम्मिलित होकर पुण्यलाभ अर्जित किया।