घोरावल विकासखंड के नोनी सरवट गांव में श्री शिव:हनुमान मंदिर

परिसर में आयोजित 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के दूसरे दिन बुधवार सुबह 8 बजे से 12 बजे तक यज्ञकुंड में आहुतियां डाली गई

SONBHADRA NEWS:  शांतिकुंज हरिद्वार से आईं बहन कंचन चौबे ने विधि विधान से जगदजननी माता गायत्री का पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने दोपहर और रात्रि में भंडारे में महाप्रसाद ग्रहण किया। इसके पूर्व मंगलवार रात्रि आठ बजे से देर रात तक चले प्रवचन में बहन कंचन चौबे ने कहा कि वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा आरंभ किया गया गायत्री परिवार आज वटवृक्ष बन चुका है। गायत्री मंत्र वैदिक संस्कृति का सबसे महान एवं शक्तिशाली महामंत्र है, जिसका विश्वव्यापी प्रचार हमारे परम गुरू के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व में हुआ। आज लाखों परिवार गायत्री मंत्र की दीक्षा लेकर और माता गायत्री की साधना कर विश्व कल्याण में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। गायत्री परिवार से जुड़ने वाले व्यक्ति एवं परिवार वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को साकार करते हुए सारे विश्व के प्राणियों को अपना परिवार मानता है। गायत्री मंत्र समस्त ब्रह्मांड को एकसूत्र में पिरोता है। व्यासपीठ से बहन कंचन चौबे ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि सब लोग शाकाहारी बनें, ऊंच नीच की भावना से दूर रहें और समाज में व्याप्त कुरीतियों का परित्याग करें। प्रवचन के प्रारंभ और समापन पर सभी ने एक स्वर से गायत्री मंत्र का पाठ किया। इस मौके पर पारसनाथ सिंह, रामअधीन, रामआसरे, राधारमण सिंह, मनोज सिंह, परमेश्वर, रामेश्वर, जगदीश, ईश्वर प्रसाद, काशीनाथ इत्यादि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *