महाशिवरात्रि पर पंचमुखी महादेव मंदिर के मुख्य द्वार का लोकार्पण

पूर्व ब्लॉक प्रमुख ऐरायां अशोक प्रताप सिंह ने किया मुख्य द्वार का लोकार्पण

FATEHPUR NEWS:  ब्लॉक ऐरायां अंतर्गत ग्राम पंचायत इजूरा खुर्द में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री पंचमुखी महादेव मंदिर का चौथा वार्षिक मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान मंदिर के मुख्य द्वार का लोकार्पण पूर्व ब्लॉक प्रमुख ऐरायां अशोक प्रताप सिंह द्वारा विधिवत रूप से किया गया। लोकार्पण के समय मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण शिवमय हो गया। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं युवा पत्रकार ठाकुर दिव्यांश प्रताप सिंह अपनी टीम एवं परिजनों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि गांव और क्षेत्र में सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम के दौरान एक दिवसीय संगीतमय प्रवचन एवं सांस्कृतिक आयोजन भी किया गया, जिसमें भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। मेले में सुरक्षा और व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अंत में मेला कमेटी की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इस आयोजन को और भव्य रूप देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *