Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
KAUSHAMBI NEWS: कड़ा विकासखंड के शहजादपुर न्याय पंचायत की मासिक शिक्षक संकुल बैठक मंगलवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय तरसौरा में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षण गुणवत्ता सुधार व निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए नोडल शिक्षक अखिलेश शुक्ला ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विद्यालयों को निपुण बनाना है। इसके लिए आवश्यक है कि शिक्षक बच्चों का निरंतर आकलन करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रैक्टिस सेट के माध्यम से भी विद्यार्थियों का नियमित मूल्यांकन किया जाए, जिससे बच्चे निपुण श्रेणी में आ सकें और विद्यालय बेहतर प्रदर्शन कर सके।
इसके पश्चात बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व एआरपी रामकृष्ण साहू ने शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को प्रभावी व रुचिकर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक संदर्शिका, प्रिंट रिच सामग्री, टीएलएम किट्स व विभिन्न शैक्षणिक तालिकाओं का कक्षा शिक्षण में अधिक से अधिक प्रयोग करें। इससे बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और शिक्षण प्रक्रिया अधिक परिणामदायी बनेगी। बैठक के दौरान शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि संकुल बैठक सम्पन्न होने के बाद शिक्षक संकुल प्रेरणा ऐप पर उपलब्ध डीसीएफ में बैठक आयोजन से संबंधित जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करें, जिससे विभागीय समीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे। इस अवसर पर शिक्षक संकुल रिया सेठी, राकेश कुमार, अनुपम, शिक्षिका सीमा सरोज, कमलेश कुमारी, अजरा मुस्तफा, सूर्य कुमार मौर्य, शिवबरन, अरुण कुमार मिश्रा, मंजू यादव, प्रतिभा सिंह, संगीता सिंह सहित संकुल के समस्त शिक्षक व शिक्षा मित्र उपस्थित रहे। बैठक का समापन शिक्षण कार्य को और बेहतर बनाने के संकल्प के साथ किया गया।