32वें श्रीश्याम सतरंगी फाल्गुनोत्सव में 27 फरवरी को निकलेगी विशाल निशान यात्रा

SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी में श्रीश्याम भक्त मंडल बढ़नी-कृष्णनगर की ओर से खाटू नरेश श्रीश्याम का 32वां सतरंगी फाल्गुनोत्सव 27 फरवरी से दो दिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत कलश स्थापना और सप्ताह व्यापी सामूहिक श्रीश्याम पाठ से होगी, जो दशमी तिथि तक चलेगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजकों के अनुसार, 27 फरवरी की सुबह 9 बजे राणी सती मंदिर, बढ़नी से रंग-बिरंगी भजनों के साथ भव्य निशान शोभायात्रा निकलेगी। यात्रा बढ़नी के विभिन्न मार्गों से होते हुए सीमावर्ती नेपाली कस्बा कृष्णनगर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर (श्याम दरबार) पहुंचेगी। पड़ोसी जनपद पचपेड़वा (बलरामपुर) से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु 19 किलोमीटर पैदल निशान लेकर यात्रा में शामिल होंगे। आयोजन को भव्य बनाने में मारवाड़ी सेवा समिति और मारवाड़ी युवा मंच के कार्यकर्ता जुटे हैं। उसी दिन सायं 7 बजे श्याम दरबार में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी तथा श्रीश्याम प्रभु को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन होगा, जिसमें कानपुर के प्रसिद्ध भजन गायक शिवम वर्मा और दिल्ली की गायिका प्रेरणा मित्तल भजनों की प्रस्तुति देंगी। दिल्ली के बंटी सोनिया ग्रुप द्वारा नृत्य-नाटिकाओं की आकर्षक प्रस्तुति भी होगी।महोत्सव के दूसरे दिन 28 फरवरी को प्रातः 8 बजे से द्वादशी धोक का आयोजन किया जाएगा, जबकि सायं सवा मनी प्रसाद (भंडारा) का कार्यक्रम रखा गया है। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत 31 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह फाल्गुनोत्सव क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है। उत्सव को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालु और समिति के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *