Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
शिवरात्रि पर घर आया था सौरभ, मरीमाई देवस्थान तालाब में मिला शव; पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की गहन जांच
PRATAPGARH NEWS: जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तीन दिन से लापता 22 वर्षीय सौरभ मिश्रा का शव गुरुवार सुबह मरीमाई देवस्थान तालाब में उतराता मिला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मकसूदन का पुरवा बाबू राय जहांपुर निवासी पारसनाथ मिश्रा का पुत्र सौरभ मिश्रा 16 फरवरी को दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने संग्रामगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार 19 फरवरी की सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए बाहर निकले, तो थाना क्षेत्र के पास स्थित मरीमाई देवस्थान तालाब में एक युवक का शव दिखाई दिया। पहचान होने पर शव सौरभ मिश्रा का निकला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक सौरभ परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मां नीलू मिश्रा और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक सौरभ दिल्ली में निजी ड्राइवरी का काम करता था और महाशिवरात्रि के अवसर पर घर आया हुआ था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सौरभ को नशे की लत थी, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आशुतोष मिश्रा मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने बताया कि दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी है, जबकि गांव में युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।