अधिवक्ता सुरक्षा कानून को लेकर भरी हुंकार, समस्याओं को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन

PRATAPGARH NEWS:  धान की बिक्री में आनलाईन पंजीकरण कराने वाले किसानों की खरीददारी न होने तथा लालगंज चौक पर अतिक्रमण की समस्या से नाराज वकीलों ने शनिवार को तहसील परिसर में नारेबाजी की। वहीं वकीलो ने प्रदेश सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून को लेकर विधेयक लाए जाने की भी मांग उठाई। समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी व महामंत्री हरिश्चंद्र पाण्डेय के संयुक्त नेतृत्व में एडीएम आदित्य प्रजापति को सौंपा गया। रूरल बार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने लालगंज नेशनल हाइवे के चौक पर वाहनों के साथ अन्य अतिक्रमण को लेकर प्रशासन से अभियान चलाए जाने को कहा। संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने एडीएम को बताया कि पोर्टल न चलने के कारण अभी तक आनलाईन पंजीकरण कराने वाले किसानों का धान क्रय नहीं किया गया है। वहीं ज्ञापन में हाल ही में प्रदेश के रामपुर, बाराबंकी व फतेहपुर जिलों में वकीलों की हत्या को लेकर प्रदेश सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून पर विधेयक की मांग भी उठाई गयी है। वकीलों ने समाधान दिवस में भी मांगो के समर्थन में नारेबाजी की। एडीएम ने ज्ञापन पर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर वकीलो को शान्त कराया। इस मौके पर संतोष पाण्डेय, प्रवीण यादव, विपिन शुक्ल, नीरज सिंह, सुशील शुक्ला, केबी सिंह, मोहित जायसवाल, सुमित त्रिपाठी, जितेन्द्र कनौजिया, गीता सिंह, केके शुक्ला, लालता प्रसाद पाण्डेय, शिव नारायण पाण्डेय, आदि अधिवक्ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *