भाकियू (अराजनैतिक) की मासिक बैठक संपन्न, विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन की चेतावनी

FATEHPUR NEWS:  भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक नहर कॉलोनी स्थित निरीक्षण भवन में संपन्न हुई। बैठक में गांव-गांव पंचायत करने की रूपरेखा तय की गई तथा तहसीलों में आयोजित मासिक बैठकों को बड़े स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में किसानों ने विद्युत विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया। साथ ही आरोप लगाया कि थानों में किसानों की समस्याएं प्राथमिकता से नहीं सुनी जातीं। संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन का रवैया नहीं बदला तो बड़ी पंचायत आयोजित की जाएगी।
किसानों ने सदर अस्पताल सहित जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने, सभी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त किसान दिवस, तहसील दिवस एवं थाना दिवस में आने वाले किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारित करने, अन्ना जानवरों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि यदि उपरोक्त समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संबंधित विभागों के विरुद्ध पंचायत कर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह चौहान, जिला प्रभारी एवं महासचिव प्रीतम सिंह चंदेल, युवा किसान नेता अंकित सिंह चौहान, तहसील अध्यक्ष खागा महेंद्र सिंह भदौरिया, सदर तहसील अध्यक्ष दीपक गुप्ता, बिंदकी तहसील अध्यक्ष बबलू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता अजय प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष छोटे सिंह, आशु सिंह, डॉ. लल्लन सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *