Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
फतेहपुर के 10,180 कृषकों को ₹2.51 करोड़ की राहत राशि
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित 5-कालिदास मार्ग से कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा राजस्व एवं आपदा विभाग की किसानों से संबंधित बीमा योजनाओं के लाभार्थियों को “वन क्लिक डीबीटी” के माध्यम से क्षतिपूर्ति राशि वितरित की गई। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शनिवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट फतेहपुर में देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रदेश के कृषकों को संबोधित करते हुए बताया कि जनपद फतेहपुर के 10,180 लाभार्थी किसानों को ₹2.51 करोड़ की क्षतिपूर्ति राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रेषित की गई है। प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत 3,500 परिवारों को ₹175 करोड़ की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जनपद के एक कृषक को अधिकतम ₹2,37,714 की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने आपदा मित्रों को बचाव राहत किट एवं जीवन बीमा सुरक्षा कवर उपलब्ध कराए जाने की घोषणा भी की। साथ ही, प्रदेश के समस्त अन्नदाता कृषकों से दैवीय आपदाओं को ध्यान में रखते हुए फसल बीमा अनिवार्य रूप से कराने की अपील की, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पवन कुमार मीना (मुख्य विकास अधिकारी), डॉ. अविनाश त्रिपाठी (अपर जिलाधिकारी वि०/रा०), सत्येंद्र सिंह (उप कृषि निदेशक), रंजीत चौरसिया (उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, सदर), गोपाल कृष्णा (अग्रणी जिला प्रबंधक), तहसीलदार सदर, कुंवर सेन गंगवार (जिला सलाहकार एवं जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना), सहायक विकास अधिकारी (कृषि), तेलियानी, प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार, तेलियानी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कृषक ओम मिश्रा, रज्जन, प्रेमचंद्र, बुद्धीसागर, श्रीकांत, लक्ष्मीकांत एवं विजय सिंह सहित अन्य लाभार्थियों तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी परिवारों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।