बंद मौरंग खंड से अवैध खनन कर ले जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ा गया

लेखपाल की सूचना पर खनिज व परिवहन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट, वाहन पुलिस के सुपुर्द

FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के अढ़ावल-धनुवन इलाके में यमुना नदी के बंद पड़े मौरंग खंडों से अवैध खनन का मामला सामने आया है। रविवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कथित रूप से अवैध रूप से निकाली गई मौरंग के साथ पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बंद मौरंग खंडों से रात के समय बैलगाड़ी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मौरंग निकालकर आसपास के गांवों और कस्बों में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गतिविधि से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है। रविवार सुबह लगभग 11 बजे अढ़ावल के मजरे धनुवन क्षेत्र में यमुना नदी के बंद खंड से मौरंग लादकर जा रहे एक स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली को हल्का लेखपाल धर्मवीर सिंह ने रोक लिया। उन्होंने मौके का वीडियो बनाकर खनिज एवं परिवहन विभाग को प्रेषित किया।
पकड़े गए वाहन को पुलिस की सुपुर्दगी में लेकर ललौली थाने में खड़ा करा दिया गया है। संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यमुना पट्टी के कुछ गांवों से लोग छोटे वाहनों के जरिए मौरंग बाहर निकालते हैं और बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड कर बिक्री करते हैं। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *