Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार (V) की अध्यक्षता में 2000 से अधिक लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर द्वारा रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में मेगा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश श्री सुधीर कुमार (V) ने की। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय फतेहपुर, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पलाश गांगुली, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। मेगा शिविर में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। चिन्हित लाभार्थियों में महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन, संगठित क्षेत्र के मजदूर तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के व्यक्ति शामिल रहे। शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरित किए गए। चिकित्सा विभाग द्वारा शिविर में आए लाभार्थियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की व्यवस्था की गई। साथ ही जिला कारागार के बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पंजीकरण कराया। आयोजकों के अनुसार, शिविर में 2000 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। यह आयोजन न्यायपालिका, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय और सामंजस्य का उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।