जिले भर में सुना गया ‘मन की बात’ का 131वां संस्करण

भारत मंडपम एआई समिट व कृषि नवाचारों पर प्रधानमंत्री ने की चर्चा
FATEHPUR NEWS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 131वां संस्करण रविवार को जिले के सभी बूथों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा सुना एवं देखा गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने खागा विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 255 रारी में कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘मन की बात’ कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ने की बात कही। प्रधानमंत्री ने बताया कि पूर्व के संस्करणों में इस विषय पर चर्चा के बाद आमजन में सतर्कता बढ़ी है और लोग ऐसे अपराधियों के झांसे में कम फंस रहे हैं। कार्यक्रम में दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस आयोजन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तित्व, इनोवेटर तथा स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हुए। एआई तकनीक के माध्यम से पशु चिकित्सा, सांस्कृतिक धरोहरों, प्राचीन ग्रंथों एवं पांडुलिपियों के संरक्षण जैसे विषयों पर कार्य किए जाने की जानकारी साझा की गई। इसी क्रम में अयाह शाह विधानसभा क्षेत्र के सुसवन मजरे कैथनपुर में स्थानीय विधायक विकास गुप्ता ने महिलाओं एवं पुरुषों के साथ कार्यक्रम सुना। वहीं जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने असोथर मंडल के बूथ संख्या 274 पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में उड़ीसा के किसान हिलोद पटेल और उनके पुत्र शिवशंकर पटेल द्वारा कृषि में अपनाई गई नवीन तकनीक का विशेष उल्लेख किया गया। पारंपरिक धान खेती के स्थान पर उन्होंने जल क्षेत्र में मछली पालन के साथ बांस के सहारे जाल संरचना बनाकर उस पर सब्जी उत्पादन की मिश्रित पद्धति अपनाई, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई। जिले में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला महामंत्री नीरज सिंह को संयोजक तथा जिला मंत्री मनोज मिश्रा ‘मनु’ को सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया था, जिन्होंने विभिन्न मंडलों में समन्वय स्थापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *