प्रतापगढ़: डीएम ने ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने शुक्रवार को पूरेकेशवराय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के संचालन और उनकी सतत मॉनिटरिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे।


निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारी से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को भी निर्देश दिया कि वे वेयरहाउस की निगरानी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ करें।


इस अवसर पर अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, सुजीत राय भी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं आयोग के मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *