Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कुंडा (प्रतापगढ़)। मानिकपुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ ज्वाला देवी धाम के पर्यटन विकास को लेकर शासन ने 96.96 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी प्रतापगढ़ शिव सहाय अवस्थी ने दी।
धाम में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेषकर नवरात्रि और अन्य प्रमुख पर्वों पर यहां भारी भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
स्वीकृत धनराशि से धाम परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इनमें श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए यात्री हॉल का निर्माण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर टैंक और वाटर कूलर की स्थापना, स्वच्छता बनाए रखने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था, शौचालय निर्माण, आवागमन को सुगम बनाने के लिए इंटरलॉकिंग कार्य, बेहतर जल आपूर्ति प्रणाली तथा सूचना पट्ट (साइनेज) की स्थापना शामिल है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। माना जा रहा है कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।