प्रतापगढ़: रानीगंज में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया करंट देकर हत्या का आरोप

प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में होली के दिन एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रियांशु यादव, पुत्र हीरालाल यादव, निवासी गोपालपुर के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले राजा बाबू सरोज ने प्रियांशु को अपने घर बुलाया और बिजली का करंट लगाकर उनकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय राजा बाबू सरोज और उनकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। झगड़े को शांत कराने के लिए प्रियांशु यादव उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान नशे की हालत में राजा बाबू सरोज ने उन्हें करंट लगा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी रानीगंज प्रभात कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने एहतियातन इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न पैदा हो।

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

#Pratapgarh #Raniganj #BreakingNews #UttarPradeshNews #CrimeNews #JusticeForPriyanshu #PratapgarhPolice #UPNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *