Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो ब्लॉक कर्मियों की मौत हो गई, जबकि एक ग्राम प्रधान और उनके प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक मवेशी आ जाने से यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, बाबा बेलखरनाथ धाम ब्लॉक के बीडीओ सुरेंद्र बहादुर सिंह के बेटे की शादी कुंडा में थी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ब्लॉक कर्मचारी सर्वेश कुमार (30), राजू तिवारी, पूरे पांडे गांव के ग्राम प्रधान राजेश कुमार सरोज (50) और खूंझी कला गांव के प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर सिंह (42) ब्रेजा कार से गए थे। शादी में शामिल होने के बाद रात करीब 11:20 बजे सभी लोग वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक एक आवारा मवेशी सड़क पर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में कार चालक ने गाड़ी मोड़ दी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो से ब्रेजा की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी और वाहन के शीशे टूट गए।
हादसे में सर्वेश कुमार और राजू तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ग्राम प्रधान राजेश कुमार सरोज और प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसमें सवार लोग मौके से चले गए।
मृतकों के परिवार में इस घटना के बाद मातम का माहौल है। सर्वेश कुमार अपने परिवार में पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे और उनके दो जुड़वां बेटे हैं। वहीं राजू तिवारी भी अपने परिवार में बड़े थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।
#PratapgarhNews #RoadAccident #UPNews #Pratapgarh #AccidentNews #BreakingNews #UPPolice #प्रतापगढ़