Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़: जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग होने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पूरे गोलियां गांव निवासी अजमत अली और रतनमई गांव निवासी रणजीत सिंह को गोली लगी है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं घायलों की स्थिति जानने के लिए पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष इस मामले में हमलावरों को अज्ञात बता रहे हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि विवाद दोनों पक्षों के बीच हुआ था और अब मामले को लेकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
#PratapgarhNews #UPCrimeNews #FiringCase #RaniganjNews #BreakingNews