Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़। जनपद के अंतू थाना क्षेत्र में हुए महिला और उसके नाबालिग पुत्र की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को पारा हमीदपुर गांव में एक 42 वर्षीय महिला और उसके 14 वर्षीय पुत्र के शव उनके घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए थे। दोनों के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। परिजनों की तहरीर पर प्रारंभ में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए तकनीकी जांच की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि नामजद आरोपी इस घटना में शामिल नहीं थे।
तफ्तीश में सामने आया कि महिला के रणबहादुर मौर्या नामक व्यक्ति से संबंध थे। घटना के दिन महिला के किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करने से आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने कुदाल से वार कर महिला की हत्या कर दी। शोर सुनकर जागे पुत्र ने जब घटना देख ली, तो आरोपी ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ककरहिया मोड़ के पास से आरोपी रणबहादुर मौर्या, निवासी पारा हमीदपुर, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले में आगे की जांच जारी है।