अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग से जुड़ी हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मुख्य अभियुक्ता गिरफ्ता र

प्रतापगढ़। जनपद में अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्ता सुमन देवी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना मान्धाता क्षेत्र के ग्राम मिश्रपुर मुस्तर्का निवासी मृतक पूर्व प्रधान 18 मार्च 2026 को घर से प्रयागराज जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इस पर 20 मार्च को परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर 22 मार्च को सहायक शारदा नहर से बरामद शव की पहचान परिजनों ने की। मामले में तहरीर के आधार पर थाना मान्धाता में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर मुख्य अभियुक्ता सुमन देवी को थाना जेठवारा क्षेत्र के बगियापुर लेहरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्ता के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप, एक मोटरसाइकिल, चुनरी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसका मृतक से पिछले कुछ समय से संपर्क था, जो बाद में अवैध संबंध में बदल गया। बाद में जब उसने दूरी बनाने की कोशिश की तो मृतक द्वारा उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

योजना के तहत 18 मार्च को मृतक को अपने मायके बुलाया गया, जहां रात में उसे खाना खिलाने के बाद सोते समय लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया गया और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना मान्धाता पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे।

👉 पुलिस मामले की आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *