Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में सोमवार को दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप लगने लगे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, उपाध्यायपुर गांव निवासी इमरान और उसके साढू के ककरहा निवासी परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इमरान के ककरहा पहुंचने पर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
सूचना मिलने पर कि दोनों पक्ष तमंचे लेकर एक-दूसरे का पीछा कर रहे हैं, एआरटीओ चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही इमरान वहां से भागकर अपने घर पहुंच गया। चौकी इंचार्ज ने उसका पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए।
इसी दौरान घर पर मौजूद परिजनों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने इमरान के पिता याकूब और एक अन्य परिजन माशूक के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य आक्रोशित हो गए और पुलिस का घेराव कर विरोध जताने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।