प्रतापगढ़: पूर्व प्रधान हत्याकांड में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, 25 हजार का इनामी था


प्रतापगढ़ जिले में पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे आरोपी अरुण उर्फ रंजीत कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी को मान्धाता मोड़ के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। यह घटना मान्धाता थाना क्षेत्र के मिसिरपुर मुस्तर्का गांव की है।
परिजनों ने बताया था कि 18 मार्च 2026 को पूर्व प्रधान मोटरसाइकिल से प्रयागराज जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 20 मार्च को उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान मामला हत्या का निकला।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुमन देवी ने अपने सहयोगियों अतुल कुमार व अन्य के साथ मिलकर पूर्व प्रधान को बगियापुर (थाना जेठवारा) बुलाया था। वहां पहले से बनाई गई साजिश के तहत उनकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में भरकर सहायक शारदा नहर में फेंक दिया। 22 मार्च को नहर से शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों ने की।
गिरफ्तार आरोपी अरुण ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी। आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर नहर में फेंका और मृतक की बाइक को अन्य स्थान पर छोड़ दिया, ताकि किसी को शक न हो।
घटना के बाद से आरोपी फरार था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *